SP प्रवीण नायक नुनावत के तबादला आदेश जारी, खाटूश्यामजी में कानून व्यवस्था और ट्रैफिक प्रबंधन को मिले नए अधिकारी

खाटूश्यामजी। (रिपोर्ट- सुजल स्वामी) विश्व प्रसिद्ध धार्मिक नगरी खाटूश्यामजी की पुलिस व्यवस्था में बड़ा बदलाव किया गया है। पुलिस अधीक्षक प्रवीण नायक नुनावत ने जिलेभर में पुलिस निरीक्षकों और उपनिरीक्षकों के तबादला आदेश जारी किए हैं, जिनमें सबसे अहम बदलाव खाटूश्यामजी में देखने को मिला है। बाबा श्याम की नगरी को नया थानाप्रभारी मिलने के साथ ही यातायात व्यवस्था के लिए भी अलग से अधिकारी की नियुक्ति की गई है। जारी आदेशों के अनुसार इंद्राज मरोड़िया को थाना खाटूश्यामजी (कोतवाली) का नया थानाप्रभारी नियुक्त किया गया है। वहीं वर्तमान थानाप्रभारी पवन चौबे का तबादला कर उन्हें थाना सदर सीकर भेजा गया है। श्रद्धालुओं की बढ़ती संख्या और लगातार बढ़ते ट्रैफिक दबाव को देखते हुए उपनिरीक्षक रामावतार को खाटू-रींगस यातायात की जिम्मेदारी सौंपी गई है। इसके अलावा उपनिरीक्षक माया को भी थाना खाटूश्यामजी में पदस्थापित किया गया है। माना जा रहा है कि नई टीम के आने से कानून व्यवस्था, ट्रैफिक प्रबंधन और श्रद्धालुओं की सुरक्षा व्यवस्था को और मजबूती मिलेगी।
नए थानाप्रभारी इंद्राज मरोड़िया के सामने होंगी कई बड़ी चुनौतियां
बाबा श्याम के दरबार में प्रतिदिन हजारों और वर्षभर में करोड़ों श्रद्धालु पहुंचते हैं। ऐसे में नए थानाप्रभारी के सामने ट्रैफिक जाम, अवैध ई-रिक्शा संचालन, लपका गिरोह, श्रद्धालुओं की सुरक्षा, बाहरी लोगों का पुलिस सत्यापन और नो-व्हीकल जोन में व्यवस्था बनाए रखना बड़ी चुनौती होगी। हाल ही में पुलिस ने लपका गिरोह और श्रद्धालुओं से अभद्रता करने वालों के खिलाफ लगातार कार्रवाई कर सख्त संदेश भी दिया है।
जिले में भी कई थानों की बदली कमान
खाटूश्यामजी के अलावा जिले के कई अन्य थानों में भी नए अधिकारियों की नियुक्ति की गई है। प्रमुख पदस्थापन इस प्रकार हैं—
एसपी प्रवीण नायक नुनावत द्वारा जारी आदेशों के अनुसार इंद्राज मरोड़िया को थाना खाटूश्यामजी, पवन कुमार चौबे को थाना सदर सीकर, विक्रम सिंह को कोतवाली नीमकाथाना, राजाराम लेघा को थाना गोकुलपुरा, महेंद्र सिंह को थाना लक्ष्मणगढ़, दिनेश कुमार को थाना श्रीमाधोपुर, मनोज कुमार को थाना खंडेला, राजेश कुमार बुड़ी को थाना दांतारामगढ़, जयसिंह बसेरा को थाना सदर नीमकाथाना, सुनीता बयॉयल को थाना डाबला, संजय पूनिया को थाना दादिया, पवन कुमार को थाना रींगस, रणवीर सिंह को थाना रामगढ़ सेठान, कमलपुरी गोस्वामी को थाना धोद, पुष्पेंद्र सिंह झाझड़िया को थाना सदर फतेहपुर तथा बद्रीप्रसाद को थाना नेछवा का थानाधिकारी लगाया गया है। इसके अलावा उपनिरीक्षक रामावतार को खाटू-रींगस यातायात, माया को थाना खाटूश्यामजी, देवेंद्र चायला को गोकुलपुरा, सुरेश कुमारी व मोहनलाल को खंडेला, सुवालाल को दांतारामगढ़, रामावतार (कुरड़ाराम) को दादिया, कैलाशचंद को बलारां, दुल्लाराम को रींगस, ताराचंद को सदर फतेहपुर, आशुतोष मिश्रा व राजेश कुमार को उद्योगनगर, सरदारमल को कोतवाली नीमकाथाना, प्रदीप कुमार को कोतवाली सीकर तथा सांवरमल को सदर सीकर लगाया गया है। वहीं कैलाशचंद को प्रभारी HATU बनाया गया है, जबकि अमर सिंह, प्रकाशचंद और प्रीति बेनीवाल को पुलिस लाइन सीकर भेजा गया है।
Comments
Post a Comment