🚨 बड़ी खबर: भारत के सॉलिसिटर जनरल तुषार मेहता पहुंचे खाटूधाम, बाबा श्याम के दर्शन के बाद मंदिर समिति ने किया विशेष सम्मान
Ad
छात्र बोले— 'सर नहीं तो पढ़ाई नहीं', टीसी कटवाने तक की चेतावनी
सुबह छात्रों ने जड़ा था स्कूल पर ताला, ट्रांसफर निरस्त करने की मांग पर किया प्रदर्शन, दांतारामगढ़ से पहुंचे अधिकारियों ने कराया समाधान
खाटूश्यामजी। खाटूश्यामजी क्षेत्र के गांव धींगपुर स्थित राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय में हिंदी विषय के शिक्षक नेमीचंद के स्थानांतरण को लेकर सोमवार को विद्यार्थियों का गुस्सा फूट पड़ा। शिक्षक के तबादले की सूचना के बाद बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं विद्यालय के बाहर एकत्र हो गए और ट्रांसफर निरस्त करने की मांग को लेकर प्रदर्शन शुरू कर दिया। विरोध के दौरान विद्यार्थियों ने स्कूल के मुख्य द्वार पर ताला लगा दिया, जिससे शिक्षण कार्य पूरी तरह ठप हो गया। विद्यार्थियों ने विद्यालय प्रशासन को ज्ञापन सौंपते हुए कहा कि शिक्षक नेमीचंद के स्थानांतरण से उनकी पढ़ाई प्रभावित होगी। उनका कहना था कि आगामी परीक्षाओं को देखते हुए इस समय शिक्षक का तबादला उचित नहीं है। छात्रों ने चेतावनी दी थी कि यदि स्थानांतरण आदेश निरस्त नहीं किया गया तो वे आंदोलन जारी रखेंगे और आवश्यकता पड़ने पर टीसी कटवाने जैसा कदम भी उठाएंगे।
मामले की सूचना मिलते ही शिक्षा विभाग दांतारामगढ़ के अधिकारी विद्यालय पहुंचे। अधिकारियों ने विद्यार्थियों से बातचीत कर उनकी समस्याएं सुनीं और समझाइश देकर शांत किया। अधिकारियों ने छात्रों को आश्वस्त किया कि विद्यालय में शिक्षक की व्यवस्था कर दी गई है और नए शिक्षक ने कार्यभार ग्रहण कर लिया है। उन्होंने कहा कि विद्यार्थी नए शिक्षक से नियमित पढ़ाई करें। यदि पढ़ाई से संबंधित किसी भी प्रकार की समस्या आती है तो शिक्षा विभाग उसका समाधान करेगा। अधिकारियों के आश्वासन के बाद विद्यार्थियों ने अपना विरोध समाप्त कर दिया। इसके बाद विद्यालय का ताला खोला गया और बंद पड़ा शिक्षण कार्य दोबारा शुरू कराया गया। देखते ही देखते विद्यालय में सामान्य शैक्षणिक व्यवस्था बहाल हो गई। हालांकि विद्यार्थियों ने यह भी स्पष्ट किया कि यदि भविष्य में पढ़ाई प्रभावित हुई तो वे पुनः शिक्षा विभाग के समक्ष अपनी मांग रखेंगे। फिलहाल विभाग की समझाइश के बाद मामला शांत हो गया और स्कूल में पढ़ाई सामान्य रूप से शुरू हो गई।
Comments
Post a Comment