KhatuShyamJi Real Estate Boom: रेलवे स्टेशन से बदलेगी खाटूश्यामजी की तस्वीर, जमीनों के दाम और कारोबार में आ सकता है बड़ा उछाल
Ad
सुंदरपुरा में प्रस्तावित रेलवे स्टेशन के डिजाइन, यात्री सुविधाओं और विकास कार्यों पर मंथन, कमेटी ने रेल मंत्री का जताया आभार
रिपार्ट- सुजल स्वामी
खाटूश्यामजी। खाटूधाम आने वाले लाखों श्रद्धालुओं की सुविधाओं को लेकर प्रस्तावित 'खाटूश्यामजी' रेलवे स्टेशन को लेकर गतिविधियां तेज हो गई हैं। इसी क्रम में श्री श्याम मंदिर कमेटी के प्रतिनिधिमंडल ने नई दिल्ली में केंद्रीय रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव से शिष्टाचार भेंट कर सुंदरपुरा में प्रस्तावित नए रेलवे स्टेशन के विभिन्न पहलुओं पर विस्तृत चर्चा की। गौरतलब है कि रेल मंत्री ने हाल ही में सुंदरपुरा में 'खाटूश्यामजी' नाम से नए रेलवे स्टेशन की घोषणा की थी। यह स्टेशन बाबा श्याम के दर्शन के लिए देशभर से आने वाले लाखों श्रद्धालुओं की यात्रा को अधिक सुगम और सुविधाजनक बनाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है। भेंट के दौरान प्रतिनिधिमंडल ने प्रस्तावित रेलवे स्टेशन के डिजाइन, यात्री सुविधाओं, भविष्य की आवश्यकताओं और क्षेत्रीय विकास से जुड़े विभिन्न विषयों पर विस्तार से चर्चा की। श्री श्याम मंदिर कमेटी के अध्यक्ष शक्ति सिंह चौहान एवं मंत्री मानवेन्द्र सिंह चौहान ने रेल मंत्री को श्याम दुपट्टा ओढ़ाकर तथा बाबा श्याम की तस्वीर भेंट कर सम्मानित किया। मंदिर कमेटी ने सुंदरपुरा में 'खाटूश्यामजी' नाम से नए रेलवे स्टेशन की घोषणा के लिए रेल मंत्री का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि यह निर्णय श्रद्धालुओं की सुविधा की दृष्टि से अत्यंत महत्वपूर्ण और दूरदर्शी है। इससे खाटूधाम आने वाले यात्रियों को बेहतर रेल कनेक्टिविटी मिलेगी और क्षेत्र के पर्यटन एवं आर्थिक विकास को भी नई गति मिलेगी। इस अवसर पर सीकर के पूर्व सांसद सुमेधानंद सरस्वती, श्री श्याम मंदिर कमेटी के पूर्व अध्यक्ष मोहनदास सिंह चौहान सहित अन्य प्रतिनिधि भी उपस्थित रहे। वहीं, वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से यूडीएच मंत्री झाबर सिंह खर्रा, खंडेला विधायक सुभाष मील सहित सीकर जिले के अनेक जनप्रतिनिधियों ने भी रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव का आभार व्यक्त किया। प्रस्तावित रेलवे स्टेशन के निर्माण को खाटूधाम के लिए एक बड़ी सौगात माना जा रहा है। इसके शुरू होने के बाद लाखों श्रद्धालुओं को आवागमन में बड़ी राहत मिलने के साथ-साथ क्षेत्र के विकास को भी नया आयाम मिलने की उम्मीद है।
Comments
Post a Comment